By Radio Shree Dev • 19 May 2026, 12:12 PM
समाज में आंगनवाड़ी की भूमिका
आपने गाँव में या शहर में अक्सर आंगनवाड़ी का नाम सुना होगा और कई लोगों ने तो आंगनवाड़ी में अपने छोटे-छोटे बच्चों को जरूर भेजा होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं आंगनवाड़ी हमारे समाज की बेहद महत्वपूर्ण कड़ी है। यह माँ और बच्चे के संपूर्ण विकास में अहम भूमिका निभाती है। इतना ही नहीं, आंगनवाड़ी ग्रामीण और शहरी गरीब बस्तियों में बच्चों, महिलाओं और पूरे परिवार के जीवन को बेहतर बनाने का काम करती है।
यह समाज के लिए एक मजबूत कड़ी है, जहाँ भविष्य की पीढ़ी तैयार होती है। यहाँ बच्चों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास होता है।
आंगनवाड़ी की मुख्य भूमिकाएँ :
1) बाल विकास और पोषण
* 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को पोषक आहार उपलब्ध कराना
* कुपोषण की पहचान और रोकथाम करना
* बच्चों की लंबाई, वजन आदि की नियमित निगरानी
2) पूर्व–प्राथमिक शिक्षा
* खेल–खेल में शिक्षा देना
* बच्चों में सीखने की आदत और सामाजिक व्यवहार विकसित करना
* स्कूल के लिए बच्चों को तैयार करना
3) मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल
* गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण संबंधी सलाह
* टीकाकरण में सहयोग
* सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूकता
4) स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता
* स्वच्छता, साफ पानी और संतुलित भोजन पर जानकारी
* महिलाओं को स्वास्थ्य से जुड़े अधिकारों की जानकारी
5) सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन
* सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाना
* लाभार्थियों की पहचान और सहायता
6) महिला सशक्तिकरण
* महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूक बनाना
* आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देना
आंगनवाड़ी से समाज को मिलने वाले लाभ :
आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के लिए पहला शिक्षण स्थल होता है। यहाँ बच्चे खेल-खेल में सीखते हैं। बोलना, गिनती, रंग पहचानना सीखते हैं। अनुशासन और आपसी व्यवहार सीखते हैं। इससे बच्चे स्कूल जाने के लिए मानसिक रूप से तैयार हो जाते हैं।
भारत में कुपोषण भी एक बड़ी समस्या है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कम वजन वाले बच्चों की पहचान करती है। समय पर पोषण आहार देकर उन्हें स्वस्थ बनाने का प्रयास करती है। माताओं को सही खानपान की जानकारी देती है।
आंगनवाड़ी गर्भवती महिलाओं के लिए बहुत सहायक होता है। आयरन, कैल्शियम जैसी जरूरी जानकारी देना, नियमित जांच के लिए जागरूक करना। इससे मां और बच्चे दोनों का जीवन सुरक्षित रहता है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बच्चों और महिलाओं के शारीरिक तथा मानसिक विकास का विशेष ध्यान रखती है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण सेवाएँ प्रदान करती है।
यह समाज के कमजोर वर्गों विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
आंगनवाड़ी के माध्यम से बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण सेवाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।
यह एक ऐसा केंद्र है जहाँ बच्चे सुरक्षित वातावरण में सीखते हैं और उनका सर्वांगीण विकास होता है।
बहनों, आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों को पढ़ना-लिखना देने की जगह नहीं है। यह भविष्य गढ़ने की पाठशाला है।
एक स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है।
समाज में आंगनवाड़ी की जरूरत व महत्व
जब हम आंगनवाड़ी की बात करते हैं तो हमें केवल एक छोटे से केंद्र या एक कमरे की तस्वीर नहीं देखनी चाहिए, बल्कि हमें उस सोच को देखना चाहिए जो आने वाली पीढ़ी को मजबूत बनाने का काम कर रही है। आंगनवाड़ी वह स्थान है जहाँ बच्चे सिर्फ पढ़ना या गिनती नहीं सीखते, बल्कि जीवन की पहली सीख यहीं से लेते हैं। यहाँ उन्हें साथ रहना, मिलजुलकर खेलना, अनुशासन में रहना और एक-दूसरे की मदद करना सिखाया जाता है।
आंगनवाड़ी एक ऐसा सहारा है जो उन बच्चों तक पहुँचती है, जिनके पास संसाधन कम हैं, लेकिन सपने बड़े हैं। गरीब, कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के लिए यह एक सुरक्षित जगह है, जहाँ उन्हें पोषण, देखभाल और प्यार मिलता है। यही कारण है कि आंगनवाड़ी को समाज की नींव कहा जाता है, क्योंकि मजबूत नींव पर ही एक सशक्त समाज खड़ा होता है।
आज के समय में जब कुपोषण, अशिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं, तब आंगनवाड़ी एक मजबूत कड़ी बनकर सामने आती है। यह केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को सुरक्षित करने का माध्यम है। आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करता है और उन्हें स्कूल जाने के लिए मानसिक रूप से तैयार करता है। हमें यह समझना होगा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता केवल नौकरी नहीं कर रही होती, बल्कि वह समाज सेवा का कार्य कर रही होती है। वह हर बच्चे को अपने परिवार का हिस्सा समझकर उसकी देखभाल करती है। बारिश हो या धूप, सीमित संसाधनों के बावजूद वह अपना कर्तव्य निभाती है।
अंत में अगर हमें एक स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त समाज बनाना है, तो आंगनवाड़ी को मजबूत बनाना होगा। समाज, सरकार और परिवार — तीनों को मिलकर आंगनवाड़ी के कार्यों को समझना और सहयोग करना होगा। क्योंकि जब बच्चे मजबूत होंगे, माताएँ जागरूक होंगी और महिलाएँ सशक्त होंगी, तभी हमारा समाज सही मायनों में आगे बढ़ेगा।
आंगनवाड़ी केवल एक केंद्र नहीं,
यह भविष्य की उम्मीद है।